भारी बारिश से मसूरी की सूरत बिगड़ी, मॉल रोड पर गड्ढे और उखड़े कोबल स्टोन

भारी बारिश से मसूरी की सूरत बिगड़ी, मॉल रोड पर गड्ढे और उखड़े कोबल स्टोन

रिपोर्टर : सुनील सोनकर
स्थान : मसूरी

पहाड़ों की रानी मसूरी की चमक हालिया भारी बारिश के बाद फीकी पड़ गई है। लगातार हुई बरसात से मॉल रोड समेत कई सड़कों पर गड्ढे बन गए और जगह-जगह लगाए गए कोबल स्टोन उखड़ गए हैं। इस बदहाली से पर्यटक और स्थानीय लोग दोनों ही परेशान हैं।

स्थिति पर नाराज़गी जताते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने च्ॅक् अधिकारियों की लापरवाही का मुद्दा उठाया और सीधे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से शिकायत की। शिकायत के बाद मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया।

अधिकारियों ने ठेकेदार को निर्देश दिए हैं कि सभी उखड़े हुए कोबल स्टोन्स जल्द से जल्द ठीक किए जाएं, अन्यथा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि—

“यह सिर्फ सड़कों की समस्या नहीं है, बल्कि मसूरी की साख और पर्यटन से जुड़ा मामला है। टूटी सड़कें और जलभराव जैसी समस्याओं से शहर की छवि धूमिल हो रही है। पर्यटक परेशान हो रहे हैं और सोशल मीडिया पर मसूरी की नकारात्मक छवि सामने आ रही है। सरकार की छवि खराब करने वाले अफसरों को अब जवाब देना होगा।”

वहीं अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सौंदर्यीकरण के तहत लगाए गए कोबल स्टोन्स की मरम्मत की जिम्मेदारी ठेकेदार की है। उसे निर्देश दिए गए हैं कि तय समय सीमा में कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौसम अनुकूल रहते हुए आने वाले कुछ दिनों में मॉल रोड सहित अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से पूरा कर लिया जाएगा।