

रिपोर्टर : ऋषि कपूर
स्थान : हल्द्वानी


उत्तराखंड के कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार छात्र संघ चुनाव की घोषणा हो गई है। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आगामी 27 सितंबर को छात्र संघ चुनाव कराने की तिथि घोषित कर दी गई है। चुनाव की घोषणा के बाद छात्र संगठनों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।



घोषणा के तुरंत बाद NSUI के प्रदेश सचिव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजकीय महाविद्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ पुतला दहन किया।



इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।


NSUI प्रदेश सचिव ने कहा कि छात्र संघ चुनाव लंबे समय से नहीं हो रहे थे और अब जब चुनाव घोषित हुए हैं, तो सरकार की मंशा पर सवाल उठना लाज़मी है। उन्होंने हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि वहां भाजपा सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति साफ तौर पर देखी गई।

इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मांग की कि छात्र संघ चुनाव पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराए जाएं।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की, जिससे कि छात्र हितों की अनदेखी न हो।



