


स्थान : द्वाराहाट


हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों के दौरान द्वाराहाट में हुई अराजकता और दो निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पतियों के अपहरण के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।



प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में आयोजित इस सांकेतिक धरने में कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।


धरने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने आरोप लगाया कि अब तक अपहरण की इस गंभीर घटना में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की निर्वाचित प्रत्याशी की एफआईआर भी पुलिस ने तीन दिन की देरी से दर्ज की, जो पुलिस की निष्क्रियता को दर्शाता है।



कार्यक्रम में वक्ताओं ने चुनाव के दौरान क्षेत्र में हुई अराजकता और प्रशासनिक उदासीनता की तीखी आलोचना की। उन्होंने पुलिस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती।


धरने के उपरांत एक ज्ञापन एसडीएम सुनील कुमार के माध्यम से राज्यपाल को प्रेषित किया गया, जिसमें दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। विधायक मनोज तिवारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कार्य करना चाहिए।



इस मौके पर नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख आरती किरौला, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



