सचिव विनोद कुमार सुमन ने ताड़ीखेत में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक ली

सचिव विनोद कुमार सुमन ने ताड़ीखेत में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक ली

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

उत्तराखंड शासन के सचिव विनोद कुमार सुमन ने शुक्रवार को विकासखंड सभागार ताड़ीखेत में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

सचिव सुमन ने लघु सिंचाई, सिंचाई, कृषि, उद्यान, जल निगम, पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से जनता तक पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने जिले में संचालित नवाचारी कार्यों और योजनाओं का प्रस्तुतीकरण देखा और जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि विकास कार्य सिर्फ फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आमजन को लाभान्वित किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी अधिकारी योजनाओं का सक्रिय प्रचार-प्रसार करें ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहने और उनके साथ आत्मीयता के साथ व्यवहार करने की बात कही।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने जिले में चल रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और आश्वासन दिया कि सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख ताड़ीखेत बबली मेहरा, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, जिला विकास अधिकारी एस.के. पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी आराधना त्रिपाठी, तहसीलदार दीपिका आर्या, खंड विकास अधिकारी ताड़ीखेत, अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।