मतदान केंद्रों को लेकर उप जिलाधिकारी ने बुलाई बैठक, 149 नए बूथ बनाए जाने की संभावना

मतदान केंद्रों को लेकर उप जिलाधिकारी ने बुलाई बैठक, 149 नए बूथ बनाए जाने की संभावना

स्थान – खटीमा/उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर खटीमा तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी तुषार सैनी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और मतदान केंद्रों व मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं को लेकर अपने-अपने विचार रखे।

बैठक में उप जिलाधिकारी तुषार सैनी ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिन मतदान केंद्रों पर 1150 से अधिक मतदाता हैं, उन्हें विभाजित किया जाएगा या फिर नए बूथ स्थापित किए जाएंगे।

इस संबंध में विचार-विमर्श के बाद तैयार किए गए प्रस्ताव के आधार पर 149 नए मतदान बूथ बनाए जाने की संभावना जताई गई है।

सैनी ने जानकारी दी कि बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सर्वे करेंगे। जिन मतदाताओं के नाम गलती से काट दिए गए हैं, उन्हें सूची में दोबारा जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी चेताया कि कुछ स्थानों से शिकायतें मिली हैं कि बीएलओ एक ही स्थान पर बैठकर मतदाता सूची संशोधन का कार्य कर रहे हैं। यदि ऐसी शिकायतें सत्य पाई गईं तो संबंधित बीएलओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मौजूद नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने बैठक को रचनात्मक बताया। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर मतदाताओं की संख्या अधिक है या जिनकी दूरी अधिक है, उन पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही, कुछ ग्राम पंचायतों में मतदाताओं के नाम सूची से कटे पाए गए हैं, जिन्हें फिर से जोड़े जाने के लिए घर-घर जाकर सर्वे कराया जाएगा।