स्मार्ट मीटर के खिलाफ किसानों का उग्र प्रदर्शन, देहरादून कूच पर पुलिस से नोकझोंक

स्मार्ट मीटर के खिलाफ किसानों का उग्र प्रदर्शन, देहरादून कूच पर पुलिस से नोकझोंक

लोकेशन – डोईवाला
रिपोर्टर – आशीष यादव

भारतीय किसान यूनियन से जुड़े सैकड़ों किसान एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं। किसानों ने स्मार्ट मीटरों के विरोध में जोरदार ट्रैक्टर रैली निकाली और ऊर्जा भवन की ओर कूच किया।

प्रदर्शनकारियों की चार सूत्रीय मांगों में स्मार्ट मीटर हटाने के साथ ही ट्यूबवेल की बिजली मुफ्त करने, गन्ना मूल्य ₹500 प्रति क्विंटल करने, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा तथा पहाड़ी किसानों के लिए चकबंदी व जैविक क्रय केंद्र खोलने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।

गुरुवार सुबह करीब 11:00 बजे किसान ट्रैक्टरों के काफिले के साथ डोईवाला से देहरादून के लिए रवाना हुए, लेकिन जैसे ही वे लच्छीवाला टोल प्लाजा पर पहुंचे, भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।

इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस द्वारा देहरादून जाने की अनुमति न मिलने पर आक्रोशित किसान वहीं टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

धरने पर बैठे किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, वे आंदोलन जारी रखेंगे। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिलों में भारी वृद्धि हो रही है, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। साथ ही, पहाड़ के किसानों को राहत देने के लिए स्थानीय उत्पादों जैसे माल्टा, बुरांश आदि की प्रोसेसिंग फैक्ट्रियां खोले जाने की भी मांग की गई है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया तो वे बड़े स्तर पर सड़क जाम, धरना-प्रदर्शन और आंदोलन तेज करेंगे।