

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : बद्रीनाथ धाम


बारिश की हल्की फुहारों और कोहरे की चादर के बीच भी भू बैकुंठ श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है। देर रात से रुक-रुक कर हो रही रिमझिम बारिश और ज्योतिर्मठ क्षेत्र में फैले घने कोहरे के बावजूद तीर्थयात्री लगातार भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।




रविवार को करीब 2,400 श्रद्धालुओं ने विशाल बदरी दरबार में हाजिरी लगाई। प्रशासन और मंदिर समिति के सहयोग से दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।


श्रद्धालुओं को मौसम की चुनौतियों के बीच भी सुगमता से दर्शन कराए जा रहे हैं।



मंदिर समिति के अनुसार, कपाट खुलने से लेकर अब तक बद्रीनाथ धाम में लगभग 12.51 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। यह आंकड़ा श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और उत्साह को दर्शाता है।


धाम में स्वास्थ्य, पेयजल, सुरक्षा और ट्रैफिक की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।


प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



