गैरसैंण: 19 से 22 अगस्त तक मानसून सत्र, भराड़ीसैंण विधानसभा में तैयारियां पूरी

गैरसैंण: 19 से 22 अगस्त तक मानसून सत्र, भराड़ीसैंण विधानसभा में तैयारियां पूरी

स्थान : गैरसैंड (चमोली)

चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 19 से 22 अगस्त तक आयोजित होने वाले उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने रविवार को विधानसभा परिसर और आस-पास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम तिवारी ने बताया कि सत्र के सुचारु और सफल संचालन के लिए सभी विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मानसून सत्र को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अत्यधिक मजबूत किया गया है। विधानसभा परिसर और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही पुलिस बल और पीएसी के जवानों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

यातायात व आधारभूत सुविधाएं

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सड़क मरम्मत और सफाई कार्य पूरे कर लिए गए हैं। वहीं, पार्किंग, हेलीपैड, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, खाद्य सामग्री, आवास, स्वास्थ्य, नेटवर्क और वाई-फाई जैसी सभी आवश्यक सेवाओं को सत्र के मद्देनजर सुदृढ़ किया गया है।

“महत्वपूर्ण अवसर”

डीएम संदीप तिवारी ने कहा, “मानसून सत्र प्रदेश की नीतियों और विकास कार्यों की दिशा तय करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में सभी स्तरों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि माननीय विधायकों, अधिकारियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”

प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया कि सत्र के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग अलर्ट मोड पर रहेंगे।