लोहाघाट: पुल्ला-चमदेवल मार्ग मलबे से बंद, घंटों फंसे रहे स्कूली बच्चे और यात्री

लोहाघाट: पुल्ला-चमदेवल मार्ग मलबे से बंद, घंटों फंसे रहे स्कूली बच्चे और यात्री

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

रविवार रात हुई मूसलधार बारिश के बाद लोहाघाट ब्लॉक की सीमांत पुल्ला–चमदेवल सड़क पर भारी मलबा आ गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क बंद होने से सोमवार को स्कूली बच्चे, शिक्षकों, गर्भवती महिलाओं और अन्य यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मलबा आने के कारण कई घंटे तक लोग सड़क पर ही फंसे रहे। शिक्षकों, शिक्षिकाओं और बच्चों ने किसी तरह जान जोखिम में डालकर मलबे से भरे रास्ते को पार किया।

क्षेत्र के पंडित मदन कलोनी और अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद कई घंटों तक मार्ग को नहीं खोला गया।

उन्होंने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता हर बार इस तरह की परिस्थिति में खुद को असहाय महसूस करती है। सड़क पर कई वाहन भी फंसे हुए हैं, लेकिन राहत कार्य शुरू करने में प्रशासन ने देरी की।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क से मलबा हटाकर मार्ग को सुचारु करने की मांग की है ताकि स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

इस क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं आम हो चली हैं, जिससे सीमांत गांवों का संपर्क बार-बार कट रहा है।