कालसी में मेगा बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, एक हजार से अधिक लोग हुए लाभान्वित

कालसी में मेगा बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, एक हजार से अधिक लोग हुए लाभान्वित

रिपोर्टर : इलम सिंह चौहान
स्थान : देहरादून

जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर के कालसी ब्लॉक सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक मेगा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति मनोज तिवारी और न्यायमूर्ति श्रीमती मंजू तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने स्वागत गीत और पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया।

शिविर में ग्रामीणों और जनजातीय समुदाय के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जरूरतमंदों को कंप्यूटर, टैबलेट, प्रिंटर, सोलर लैम्प, स्कूल बैग और विभिन्न उपयोगी किट वितरित की गईं।

दिव्यांगजनों को भी शिविर में विशेष लाभ पहुंचाया गया। उन्हें व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर और श्रवण यंत्र जैसी सहायता सामग्री प्रदान की गई।

इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग और ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज द्वारा संयुक्त रूप से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।

प्रशासन और न्यायपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर से क्षेत्र के एक हजार से अधिक लोग सीधे तौर पर लाभान्वित हुए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराना था।