रामनगर में कोसी नदी ने ली युवक की जान, पांच घंटे बाद मिला शव

रामनगर में कोसी नदी ने ली युवक की जान, पांच घंटे बाद मिला शव

स्थान रामनगर/उत्तराखंड
रिपोर्टर : सलीम अहमद साहिल

रामनगर के कोसी बैराज क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक मदन कश्यप की नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने साथियों के साथ मछली पकड़ रहा था, तभी अचानक पैर फिसल गया और वह कोसी नदी की तेज धार में बह गया।

मौके पर मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव हनुमान धाम क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे बम्बाघेर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर कोसी नदी की खतरनाक और जानलेवा धार की ओर इशारा करता है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद लोग नदी किनारे जाने और उसमें उतरने से परहेज नहीं कर रहे। नतीजतन, इस तरह की दुखद घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

प्रशासन ने पुनः जनता से अपील की है कि कोसी नदी और अन्य जलधाराओं के समीप अत्यधिक सतर्कता बरतें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं।