

टॉप : विकासनगर/देहरादून
रिपोर्ट : सतपाल धानिया



प्रदेश में बीते कई दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच क्षेत्र के सभी नदी-नाले और खाले उफान पर हैं। देहरादून के शिमला बाईपास पर बहने वाला रामगढ़ खाला भी रौद्र रूप में आ गया है, जहां सड़क पर बना रपटा अब सैलाब का रूप लेकर लोगों के लिए मुसीबत बन चुका है।


रामगढ़ खाले पर पानी का बहाव इतना तेज है कि छोटे-बड़े वाहन सैलाब में गोते खाते हुए सड़क पार करने को मजबूर हैं। इस मार्ग से विकासनगर, चकराता और हिमाचल की ओर जाने वाले वाहनों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। लगातार बढ़ते खतरे के बावजूद लोग इस सड़क से आवाजाही कर रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी हुई है।




रविवार सुबह सिंहनीवाला के पास एक बरसाती नाले में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे शिमला बाईपास पर एक घंटे तक यातायात पूरी तरह से ठप रहा। इस दौरान नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और गंतव्यों को निकले लोग जाम में फंसे रह गए।


स्थिति इतनी गंभीर थी कि कुछ लोगों ने मजबूरी में तेज बहाव वाले पानी में वाहन उतार दिए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने समय रहते मदद कर हादसों को टाल दिया।


प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को रपटे और उफनते नालों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, लेकिन चेतावनियों के बावजूद लोग जोखिम उठाकर यात्रा कर रहे हैं।

अब प्रशासन के सामने चुनौती यह है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर यातायात को सुरक्षित रखने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाए जाएं।




