

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : ज्योतिर्मठ/चमोली


चमोली जनपद के सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ में मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट का असर साफ़ दिखाई दे रहा है। शनिवार सुबह से ही क्षेत्र में लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी रहा, जिससे अलकनंदा और धौली गंगा घाटी में नदी-नाले उफान पर आ गए।



लगातार हो रही तेज बारिश से बरसाती झरने, नाले, गाड़-गदेरे और प्राकृतिक जल स्रोत पूरी तरह से रिचार्ज हो गए हैं। पहाड़ी ढलानों से पानी के बहाव ने कई जगहों पर लोगों की आवाजाही को भी प्रभावित किया।



बारिश का सबसे अधिक असर ज्योतिर्मठ, परसारी, बड़ागांव, ढाक, तपोवन समेत काग भूषण्डि और एरा घाटी के इलाकों में देखा गया, जहां सुबह से ही बादल जमकर बरसे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई जगह छोटे-छोटे रास्तों और खेतों में पानी भर गया है।


हालांकि सुबह से जारी तेज बारिश का दौर सुबह 10 बजे के बाद हल्का पड़ा। बारिश रुकने के साथ ही पहाड़ों पर घना सफेद कोहरा छा गया और कुछ देर बाद हल्की धूप भी खिली।


कोहरे और धूप के इस अद्भुत संगम ने पहाड़ी नज़ारों को और भी मनमोहक बना दिया।


प्रशासन ने लोगों को सचेत रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक चमोली जनपद के कई इलाकों में तेज बारिश और भूस्खलन की संभावना जताई है।



विशेषकर नदी किनारे और ढलान वाले क्षेत्रों में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।


