

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में शिव मंदिर सभागार में हर साल की तरह इस बार भी रंगारंग ‘क्यूट कान्हा प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बालकृष्ण का रूप धरकर अपनी नटखट अदाओं और मनमोहक रूपसज्जा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।



सुबह से ही सभागार में कृष्ण भक्ति के गीत गूंजते रहे और मंच पर आते ही छोटे-छोटे कान्हाओं ने अपनी अदाओं से माहौल भक्तिमय बना दिया। किसी ने बांसुरी थामी, तो कोई माखन-मटकी लेकर मंच पर आया। माता-पिता ने भी पूरे उत्साह से अपने बच्चों को सजाकर प्रतियोगिता में हिस्सा दिलाया।


तीन आयु वर्गों में हुई प्रतियोगिता
प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में आयोजित की गई।


- 0-1 वर्ष आयु वर्ग में हितिका तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- 1-3 वर्ष आयु वर्ग में अनंत चौरसिया प्रथम, अव्यान पांडे द्वितीय और रुद्रांश चौधरी तृतीय स्थान पर रहे।
- 3-5 वर्ष आयु वर्ग में सारांश सिंह प्रथम, भाग्येश बिष्ट द्वितीय और दिव्यांशी साह तृतीय स्थान पर रहे।
सभी विजेताओं को समिति की ओर से स्मृति चिह्न और पुरस्कार प्रदान किए गए।

आयोजन समिति और निर्णायक मंडल
सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी और उपस्थित दर्शकों का स्वागत किया। निर्णायक के रूप में ज्योति साह और राजेन्द्र पंत ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के दौरान हस्तशिल्पी भुवन साह और अगस्त लाल साह ने निर्णायकों को स्मृति चिह्न भेंट किए।


कार्यक्रम का संचालन दीपक पंत ने किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य अशोक पंत, हरीश लाल साह, राजेन्द्र प्रसाद पंत, गौरव तिवारी, गौरव भट्ट, सोनू सिद्दीकी, पंकज थापा, अभिषेक कांडपाल, ज्योति साह, कुलदीप कुमार, गीता जोशी और परमवीर मेहरा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


बच्चों की अदाओं पर बंधी तालियाँ
प्रतियोगिता में छोटे-छोटे कान्हाओं की मासूमियत और नटखटपन देखकर दर्शक तालियाँ बजाते नहीं थके। कई बच्चों ने मंच पर आते ही बाल कृष्ण की तरह माखन चुराने और गोपियों को छेड़ने की अदाओं से माहौल को जीवंत कर दिया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ न केवल बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी बनती हैं।



