

स्थान : मसूरी उत्तराखंड
रिपोर्टर : शुभम गैरोला


भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आज तिलक लाइब्रेरी प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।



कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारत के पुनर्निर्माण में अटल जी की दूरदृष्टि, नीतिगत मजबूती और सर्वसम्मत नेतृत्व को याद किया। साथ ही यह भी स्मरण किया गया कि उत्तराखंड राज्य के गठन में उनका अमूल्य योगदान रहा है।



भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा:


“स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी सत्ता पक्ष ही नहीं, विपक्ष के भी प्रिय नेता थे। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए उत्तराखंड राज्य के निर्माण की नींव रखी। उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता। आज उनकी पुण्यतिथि पर मसूरी मंडल ही नहीं, बल्कि देशभर में भाजपा कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण कर रहे हैं।”


सभा में वक्ताओं ने अटल जी को एक विचारशील राजनीतिज्ञ, ओजस्वी वक्ता और लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी के रूप में याद किया।


इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।


