

स्थान – रानीखेत
रिपोर्ट – संजय जोशी


देशभर में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रानीखेत स्थित सेना की प्रशिक्षण बटालियन द्वारा श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



प्रशिक्षण बटालियन के कमांडर कर्नल प्रभु रामदास वामन ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर बटालियन के सेना अधिकारी, प्रशिक्षक व कैडेट्स भी उपस्थित रहे। सभी ने देश की स्वतंत्रता, एकता और गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।




वहीं, कुमाऊँ रेजीमेंट सेंटर के क्वार्टर गार्ड पर भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। ध्वजारोहण का नेतृत्व एडजुटेंट मेजर पी. के. डोगरा ने किया। राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण के बाद देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।



समारोह में उपस्थित अधिकारियों, जेसीओ, एनसीओ, जवानों और प्रशिक्षुओं के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया।


इस अवसर पर वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए, सभी ने देश की एकता, अखंडता और सतत विकास के लिए समर्पण का संकल्प दोहराया।

समारोह का वातावरण देशभक्ति के गीतों और उल्लासपूर्ण जोश से सराबोर रहा।




