

लोकेशन – रूड़की
रिपोर्टर – प्रिंस शर्मा


श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व रुड़की में धार्मिक उल्लास, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई, और भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर गली, हर चौराहे पर झांकियों की सुंदर सजावट देखने को मिली, जिनमें बाल गोपाल की लीलाओं का जीवंत चित्रण किया गया।



विशेष रूप से गणेश चौक पर गजानन मंडल सेवा समिति द्वारा आयोजित 9वाँ भव्य जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। शाम से ही कार्यक्रम की शुरुआत हो गई थी, जो रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव तक चला।



इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किए गए, और श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए।



महोत्सव में मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। भजन, कीर्तन, और नृत्य की प्रस्तुति से माहौल पूरी तरह कृष्णमय हो गया। श्रद्धालु पूरे उत्साह से “कन्हैया लाल की जय” के जयकारों में लीन दिखाई दिए।



मंडल पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि हर वर्ष गणेश चौक पर भव्य आयोजन की परंपरा रही है, और इस वर्ष यह नवम महोत्सव और भी अधिक भव्य रूप में मनाया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्सव में भाग लेकर श्रद्धा और सामूहिक भक्ति की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




