

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (SSB), रानीखेत में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महानिरीक्षक अमित कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर बल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।


इसके पश्चात मुख्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। अपने संबोधन में महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों, जवानों और आमंत्रित अतिथियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बल की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि SSB ने भारत-नेपाल-भूटान सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों, जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा, चुनाव ड्यूटी, अमरनाथ यात्रा, राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।



महानिरीक्षक ने बताया कि सीमांत मुख्यालय रानीखेत ने प्रचालन और आसूचना के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किया है। विगत वर्ष के दौरान मानव तस्करी की 32 घटनाओं में 34 निर्दोष पीड़ितों को मुक्त कर उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई। साथ ही, तस्करी से जुड़े 80 मामलों में कार्रवाई करते हुए 111 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया तथा ₹2.25 करोड़ की भारतीय मुद्रा जब्त की गई। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में 29 मामले दर्ज किए गए और 41 अपराधियों को पकड़ा गया।




बल ने सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव संसाधन विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत ग्रामीणों को सिलाई-कढ़ाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण, मुर्गी पालन, बकरी पालन, वानिकी एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों में प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके अतिरिक्त, आपदा की स्थिति में राहत व बचाव कार्यों में भी बल ने जान-माल की रक्षा कर स्थानीय जनता का विश्वास जीता है।

महानिरीक्षक ने बल के आदर्श वाक्य ‘सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व’ को दोहराते हुए कहा कि SSB हमेशा राष्ट्र सेवा में तत्पर है और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ कार्य करता रहेगा।

समारोह में बल के जवानों, अधिकारियों, स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने तिरंगा हाथ में लेकर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत सेल्फियाँ लेकर सोशल मीडिया एवं सरकारी पोर्टल पर साझा कीं। समारोह में सेवानिवृत्त अर्धसैनिक अधिकारी और पूर्व बलकर्मी भी विशेष आमंत्रण पर उपस्थित रहे।



कार्यक्रम के दौरान दुर्गा बहादुर सोनार (उप-महानिरीक्षक), ओ.बी. सिंह (उप-महानिरीक्षक – चिकित्सा), देबासिस पाल (कमांडेंट), कुमार सुंदरम (द्वितीय कमान अधिकारी), हरीश चंद्र सिंह बिष्ट (उप-कमांडेंट), अनिल कुमार जोशी (उप-कमांडेंट – संचार), प्रभाकर (उप-कमांडेंट), संजय डिमरी (सहायक कमांडेंट), तथा गोविंद सिंह बोरा (सहायक कमांडेंट) सहित सभी बलकर्मी उपस्थित रहे।


