


रिपोर्टर –अकरम चौधरी
स्टेशन – बाजपुर

बाजपुर नगर और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मोहल्ला पहाड़ी कॉलोनी में एक खतरनाक कुत्ता पिछले पांच दिनों में सात लोगों पर अचानक हमला कर चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कुत्ता बिना भौंके चुपके से आता है और टांग या हाथ को मुंह में दबाकर भाग जाता है। इस वजह से लोग घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।



पीपल वाली गली समेत आसपास के इलाके के लोग इस कुत्ते से खासे परेशान हैं। वहीं, सरकारी अस्पताल और आवासीय कॉलोनी में भी आवारा कुत्तों के झुंड दिन-रात घूमते रहते हैं, जिनकी लगातार भौंकने की आवाज और आक्रामक व्यवहार चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और उनके परिवारों के लिए चिंता का विषय बन गया है।




इसी के साथ बाजपुर के बेरिया रोड पर रात के समय आवारा मवेशियों का जमावड़ा भी देखने को मिलता है, जिससे सड़क हादसे का खतरा बना हुआ है।



स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इस पर मंगलवार को बाजपुर एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने मीडिया को बताया, “आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर अधिशासी अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही सीएमएस से भी उचित समाधान के लिए बातचीत की जाएगी।”

प्रशासन की तरफ से उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान कर स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।




