ताड़ीखेत ब्लॉक प्रमुख पद पर त्रिकोणीय मुकाबला, चुनावी सरगर्मियां तेज

ताड़ीखेत ब्लॉक प्रमुख पद पर त्रिकोणीय मुकाबला, चुनावी सरगर्मियां तेज

रिपोर्ट – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत

ताड़ीखेत ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बार का चुनाव त्रिकोणीय मुकाबले की ओर इशारा कर रहा है, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

भारी बारिश के बावजूद आज सुबह सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।

गौरतलब है कि इस बार ब्लॉक प्रमुख पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी विमला रावत ने नामांकन दाखिल किया, वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख रचना रावत और बबली मेहरा ने भी अपना दावा ठोंका है।

चुनाव की विशेष बात यह है कि भाजपा प्रत्याशी विमला रावत और पूर्व प्रमुख रचना रावत, दोनों के पति पहले भी ताड़ीखेत ब्लॉक में प्रमुख रह चुके हैं, जिससे राजनीतिक अनुभव का लाभ उन्हें मिल सकता है। वहीं बबली मेहरा भी चुनावी मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरी हैं।

तीनों प्रत्याशी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही हैं और लगातार जनसंपर्क कर रही हैं। इस त्रिकोणीय मुकाबले में कौन विजयी होगा, यह आने वाला समय ही बताएगा।

फिलहाल ताड़ीखेत ब्लॉक का राजनीतिक माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है।