मसूरी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, भूस्खलन और जलभराव से यातायात प्रभावित

मसूरी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, भूस्खलन और जलभराव से यातायात प्रभावित

मसूरी उत्तराखंड

रिपोर्टर धर्मेंद्र सिंह

पर्यटन नगरी मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में बीते 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं, भूस्खलन के चलते कई मार्ग बाधित हो गए हैं, और जलभराव की स्थिति ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है।

स्कूलों पर ताला, 14 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 अगस्त तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।

मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन, 3 किलोमीटर लंबा जाम
मसूरी-देहरादून मार्ग पर मैगी प्वाइंट के पास आज सुबह एक बड़ी चट्टान और भारी भरकम पेड़ गिर जाने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। इससे दोनों ओर लगभग तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ के एक हिस्से को काटकर दोपहिया वाहनों के लिए रास्ता बनाया गया है, लेकिन चार पहिया वाहनों के लिए मार्ग अभी भी बंद है।

निर्माण विभाग को बुलाया गया, जेसीबी से रास्ता खोलने की कोशिश
स्थानीय लोगों ने निर्माण विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर जेसीबी मशीन लगवाने की मांग की है, ताकि जल्द से जल्द मार्ग को पूरी तरह से खोला जा सके। कई वाहन अभी भी मौके पर फंसे हुए हैं और यात्री परेशानी में हैं।

जलभराव और तेज बहाव से खतरा, आपदा प्रबंधन सतर्क
मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में नदियों, खालों और नालों में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। जलभराव की स्थिति ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को चिंता में डाल दिया है।

आपदा प्रबंधन टीम सक्रिय, अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें संभावित खतरे वाले क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के पास जाने से परहेज करें