

हरिद्वार, 4 अगस्त

आज सावन का अंतिम सोमवार है, और इसी के साथ भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व अपने चरम पर पहुंच गया है। हरिद्वार के कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु तेज बारिश के बावजूद सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में जुटे हुए हैं।




सावन के प्रत्येक सोमवार को विशेष पुण्यदायी माना जाता है, और अंतिम सोमवार का महत्व और भी बढ़ जाता है। दक्षेश्वर महादेव मंदिर, जिसे शिव की ससुराल कहा जाता है, में आज हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जल अर्पित किया और शिव मंत्रों के साथ आराधना की।



बारिश ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी जा रही। भीगते हुए भी भक्तों ने लाइन में खड़े होकर भगवान शिव को दूध, जल, बेलपत्र और पुष्प अर्पित किए।



मंदिर प्रबंधन ने बताया कि सावन में दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक का विशेष महत्व है, और देशभर से श्रद्धालु इस दिन यहां दर्शन करने आते हैं। पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।


भक्तों ने कहा कि बारिश तो भोलेनाथ का आशीर्वाद है, और अंतिम सोमवार पर भगवान शिव को जल चढ़ाकर उन्हें प्रसन्न करना उनका सौभाग्य है।
इस पावन अवसर पर हरिद्वार एक बार फिर शिवभक्ति में लीन नजर आ रहा है, जहां गूंज रहे हैं “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयकारे।




