

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट नगर के शिवालय पुल के पास करोड़ों रुपये की लागत से बन रही कार पार्किंग स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पार्किंग निर्माण कार्य के चलते श्मशान घाट को जाने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे आस-पास के गांवों के लोगों को अंतिम संस्कार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



रविवार को बनीगांव के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान विजय मनराल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने इस मामले पर नाराजगी जताई। मनराल ने कहा कि पूर्व में पार्किंग स्थल से श्मशान घाट को जोड़ने वाला रास्ता था, लेकिन अब पार्किंग के निर्माण के चलते यह रास्ता पूरी तरह से बाधित हो गया है।



उन्होंने बताया कि बनीगांव, चिड़ियाडूंगा, खूना, बलाई सहित कई गांवों के लोग इसी मार्ग से श्मशान घाट पहुंचते थे। अब मार्ग बंद हो जाने के कारण अंतिम यात्रा में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विजय मनराल ने यह भी बताया कि पार्किंग के पास स्थित नाथ संप्रदाय का समाधि स्थल भी अब प्रभावित हो गया है, जिससे वहां श्रद्धालु भी नहीं जा पा रहे हैं।



ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि श्मशान घाट और समाधि स्थल के लिए वैकल्पिक मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन को मार्ग के बंद होने की जानकारी पहले से थी, बावजूद इसके निर्माण कार्य बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के शुरू कर दिया गया, जो आम जनता के साथ घोर अन्याय है।


स्थानीय प्रशासन की चुप्पी पर भी उठे सवाल, ग्रामीणों ने कहा कि श्मशान घाट तक रास्ता न होने से भावनात्मक और सांस्कृतिक दोनों ही स्तरों पर समुदाय को असुविधा हो रही है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर जल्द कोई निर्णय लेता है या फिर लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।



