

स्थान : लक्सर



रक्षाबंधन पर्व के मद्देनज़र लक्सर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर पूर्वांचल की ओर जाने वाली गाड़ियों में स्लीपर क्लास की सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं, और कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 50 से ऊपर पहुंच चुकी है।



9 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों के पास जाकर राखी बांधती हैं, और इसी परंपरा के चलते पर्व से पहले हर वर्ष ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जाती है। इस बार भी स्थिति कुछ अलग नहीं है, बल्कि हालात और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गए हैं।


इन ट्रेनों में पहले से फुल हैं सभी सीटें:

- जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस
- जयनगर-सरयू यमुना एक्सप्रेस
- सहरसा-अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस
- दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस
- जम्मू तवी-कोलकाता एक्सप्रेस
- देहरादून-मुजफ्फरपुर राप्तीगंगा एक्सप्रेस
इन सभी ट्रेनों में 15 अगस्त तक स्लीपर क्लास और अन्य श्रेणियों में नो सीट्स अवेलेबल की स्थिति बन चुकी है।

रेलवे विभाग की मानें तो त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में इजाफा होना स्वाभाविक है। इस संबंध में रेल मंडल मुरादाबाद के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि,



“रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ सामान्य बात है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे कुछ प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है, जिससे मुसाफिरों को राहत मिलेगी।”

रेल प्रशासन द्वारा स्पेशल ट्रेनों की संख्या और टाइमटेबल जल्द जारी किए जाने की संभावना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और आरक्षण स्थिति की नियमित जानकारी लेते रहें।


