मनसा देवी हादसे के बाद सरकार सतर्क, सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

मनसा देवी हादसे के बाद सरकार सतर्क, सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्टर : शहजाद अली
स्थान : हरिद्वार

मनसा देवी मंदिर में हाल ही में हुई भगदड़ की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्पष्ट रूप से कहा है कि धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन की मुकम्मल व्यवस्था की जाए और अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाया जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में डीएम मयूर दीक्षित ने हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र के तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में रुड़की एसडीएम को विशेष रूप से पिरान कलियर क्षेत्र में होने वाले आगामी मेले को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

पिरान कलियर, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, वहां पर भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अब कोई कोताही नहीं बरतना चाहता।

आगामी मेले के दौरान व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए अधिकारियों को पहले से ही तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मनसा देवी मंदिर की घटना ने शासन और प्रशासन दोनों को सतर्क कर दिया है। अब सरकार धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर पूरी तरह गंभीर नजर आ रही है।

प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में ऐसे सभी स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और ज़रूरत पड़ी तो अतिरिक्त बल की भी तैनाती की जाएगी।