रामनगर पंचायत चुनाव: चिल्किया ग्राम पंचायत से तनुप्रिया ने रचा इतिहास, 702 वोटों से मिली ऐतिहासिक जीत

रामनगर पंचायत चुनाव: चिल्किया ग्राम पंचायत से तनुप्रिया ने रचा इतिहास, 702 वोटों से मिली ऐतिहासिक जीत

स्थान: रामनगर,
संवाददाता: सलीम अहमद साहिल

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है। चुनावी मैदान में कोई जीत की खुशी में झूम रहा है,

तो कोई हार की पीड़ा में गमगीन है। लोकतंत्र के इस महापर्व में जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर जिस प्रत्याशी को चुना, अब उसके नतीजे सामने आने लगे हैं।

बीते 28 जुलाई को हुए मतदान में मतदाताओं ने प्रत्याशियों की किस्मत को मतपेटियों में बंद कर दिया था, जिसे आज सुबह से खोला जा रहा है और विजयी प्रत्याशियों के सिर जीत का ताज सजाया जा रहा है।

इसी कड़ी में ग्राम पंचायत चिल्किया से एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की गई है। यहां से ग्राम प्रधान प्रत्याशी तनुप्रिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदियों को 702 वोटों के विशाल अंतर से पराजित कर शानदार जीत हासिल की है।

यह अंतर न केवल भारी जनसमर्थन को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र की जनता की स्पष्ट पसंद को भी उजागर करता है।

स्थानीय लोगों ने तनुप्रिया की जीत को विकास और ईमानदार नेतृत्व की जीत करार दिया है। जीत के बाद क्षेत्र में भारी उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने तनुप्रिया को फूल-मालाओं से लाद दिया और ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला।

तनुप्रिया ने जीत के बाद कहा कि यह जनता का विश्वास है, और वे क्षेत्र के समग्र विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा व स्वास्थ्य को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने अपने गांव को एक आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प भी दोहराया।

रामनगर क्षेत्र में मतगणना का कार्य अब भी जारी है और अन्य पंचायतों के परिणाम भी धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। प्रशासन की निगरानी में मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।