त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: मतगणना की धीमी गति से प्रत्याशी और समर्थक नाराज़, अब तक भूत्सी वार्ड का जिला पंचायत परिणाम घोषित

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: मतगणना की धीमी गति से प्रत्याशी और समर्थक नाराज़, अब तक भूत्सी वार्ड का जिला पंचायत परिणाम घोषित

टिहरी 

गुरुवार सुबह 8:00 बजे से राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज थत्यूड़ के ढाणा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना प्रक्रिया शुरू हो गई। मतगणना के लिए कुल 16 टेबल और 10 चरण निर्धारित किए गए हैं,

लेकिन दोपहर 2:00 बजे तक केवल एक जिला पंचायत सीट का परिणाम जारी हो पाया है, जिससे मतगणना की अत्यंत धीमी गति पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है।

अब तक घोषित परिणाम में भूत्सी वार्ड जिला पंचायत सीट से सीता मनवाल ने सरिता नकोटी को 245 मतों से हराकर जीत दर्ज की। सीता मनवाल को कुल 4596 मत प्राप्त हुए, जबकि सरिता नकोटी को 4351 मत मिले।

विजयी प्रत्याशी सीता मनवाल ने अपनी जीत को जनता की जीत बताया और कहा कि वह जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेंगी। उन्होंने अपने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की बात कही।

अब तक 20 ग्राम प्रधान और 10 क्षेत्र पंचायत वार्ड के परिणाम सामने आ चुके हैं, जबकि शेष वार्डों की मतगणना अभी जारी है।

मतगणना की धीमी प्रगति को लेकर मतगणना केंद्र पर कई प्रत्याशी और समर्थक नाराज नजर आए। उन्होंने मतगणना कर्मचारियों और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

अभी तक सात चरणों की मतगणना बाकी है, और प्रशासन ने मतगणना कार्य को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने का आश्वासन दिया है। परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है।