

स्थान : हरिद्वार


नाबालिग बेटी के यौन शोषण के गंभीर मामले में गिरफ्तार पूर्व भाजपा नेत्री और उसके प्रेमी सुमित पटवाल को अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला कारागार से बाहर लाकर रानीपुर कोतवाली में पूछताछ के लिए लाया।



विशेष जांच टीम (SIT) अब इस मामले में गहराई से जांच करेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान दोनों आरोपियों को मथुरा और आगरा ले जाया जाएगा, जहां से डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जाएंगे। जांच में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़, कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी।



पुलिस रिमांड पर जाने से पूर्व पूर्व भाजपा नेत्री ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है।



उनका दावा है कि यह पूरा विवाद प्रॉपर्टी से जुड़ा हुआ है और इसे पारिवारिक रंजिश के तहत उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया।


पुलिस अधिकारी के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। बच्ची का बयान और मेडिकल रिपोर्ट पहले ही मामले को गंभीर बनाते हैं। वहीं, SIT अब घटनास्थल, संदेहास्पद गतिविधियों और आरोपियों के बीच हुई बातचीत का विश्लेषण करेगी।


इस मामले ने प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है, क्योंकि आरोपी महिला लंबे समय तक भाजपा से जुड़ी रही हैं। पुलिस और प्रशासन मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दे चुके हैं।



