

स्थान – हरिद्वार
रिपोर्टर – मनोज कश्यप



हरिद्वार में शुरू होने जा रहे कांवड़ मेले 2025 के लिए इस बार सरकार ने बड़ा बजट आवंटित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए इस बार मेला आयोजन के लिए करीब 10 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग दोगुना है।



जिला प्रशासन को 4.5 करोड़ रुपये की पहली किस्त पहले ही जारी की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में कांवड़ मेला लगभग 5 करोड़ की लागत से संपन्न कराया गया था, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा आवश्यकताओं के मद्देनज़र बजट बढ़ाया गया है।



बजट से होंगे ये प्रमुख कार्य:
- सड़क निर्माण और मरम्मत
- पेयजल और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था
- शौचालयों की स्थापना
- बैरिकेडिंग और ट्रैफिक नियंत्रण



जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जानकारी दी कि बजट का उपयोग मेले को सुचारु और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और कार्यों की तेजी से निगरानी और क्रियान्वयन किया जा रहा है।



कांवड़ मेला हरिद्वार में सालाना लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है, और सरकार इसे सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।



