लक्सर क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाई गई बकरीद, अमन और भाईचारे का दिया गया पैगाम

लक्सर क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाई गई बकरीद, अमन और भाईचारे का दिया गया पैगाम

लोकेशन…लक्सर
रिपोर्टर….रामगोपाल

देशभर की तरह लक्सर क्षेत्र में भी ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। क्षेत्र के बसेड़ी, सुल्तानपुर, कारंजा, कुतुबपुर, बहादुरपुर और भिक्कमपुर समेत कई इलाकों में स्थित ईदगाहों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तय समय पर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की।

नमाज के बाद लोगों ने देश और समाज की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। इसके उपरांत एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी गई।

पर्व के अवसर पर कुर्बानी की रस्म भी अदा की गई, जिसमें लोगों ने परंपरा के अनुसार पशु की बलि दी और गरीबों, जरूरतमंदों में गोश्त बांटकर सेवा और त्याग का परिचय दिया।

इस मौके पर मौलाना ने कहा कि बकरीद सिर्फ कुर्बानी का त्योहार नहीं, बल्कि इंसानियत, सेवा और आपसी सौहार्द का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज विश्व स्तर पर आतंकवाद और नफरत फैल रही है, उसे खत्म करने के लिए सभी धर्मों और वर्गों को एकजुट होकर भाईचारे और शांति का संदेश फैलाना होगा।

मौलाना ने यह भी कहा कि बकरीद हमें यह सिखाती है कि जरूरतमंदों की मदद कर, समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। अल्लाह उन लोगों को शबाब (इनाम) देता है, जो अपने सामर्थ्य से दूसरों की सहायता करते हैं।