तपोवन में होटल की छठी मंजिल पर भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने बचाई होटल कर्मी की जान

तपोवन में होटल की छठी मंजिल पर भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने बचाई होटल कर्मी की जान

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

तपोवन क्षेत्र में स्थित ‘होटल तपोवन हिल’ की छठी मंजिल पर मंगलवार शाम शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरातफरी मच गई। आग बुझाने की कोशिश कर रहे एक होटल कर्मी मयंक कुमार निवासी बिजनौर, लपटों में घिर गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए होटल कर्मी को सकुशल बाहर निकाल लिया। साथ ही, होटल में ठहरे सभी गेस्टों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

तपोवन पुलिस चौकी प्रभारी परवीन रावत ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। होटल के 10 कमरों को खाली कराया गया और छठी मंजिल के पास रखे एलपीजी सिलेंडरों को हटाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है, लेकिन तब तक होटल की छठी मंजिल पर रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो चुका था।

होटल कर्मी मयंक कुमार ने बताया कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट थी, जो सबसे पहले छठी मंजिल के एक कमरे में हुई।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।