
स्थान:लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चंपावत जिले में व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देश पर लोहाघाट नगर में भी वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान पूरे उत्साह के साथ चलाया गया।


एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर और पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में नगर के विभिन्न हिस्सों में पौधरोपण किया गया। इस अभियान में वन विभाग, नगर पालिका, राजस्व विभाग, व्यापार संघ, और समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

हर बूथ पर 10 पौधे, संरक्षण का भी संकल्प
एसडीएम नीतू डांगर ने सभी क्षेत्रवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “पर्यावरण हमारे जीवन की सबसे अहम कड़ी है। इसे बचाना हम सबका दायित्व है।” उन्होंने कहा कि नगर के हर बूथ पर 10 पौधों का रोपण किया जा रहा है, लेकिन केवल पेड़ लगाना ही नहीं, उनकी देखभाल करना भी आवश्यक है।

तेजी से बदलता मौसम – चिंता और चेतावनी
पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी ने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मौसम में असामान्य परिवर्तन, सूखते जल स्रोत और अनियमित वर्षा पर्यावरणीय असंतुलन का परिणाम हैं। “अगर हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण देना है तो जंगलों और जलस्रोतों की रक्षा करनी होगी।”


शांभवी मुरारी ने दी प्रेरणा
कार्यक्रम में प्रदेश की सबसे कम उम्र की तीलू रौतेली पुरस्कार विजेता शांभवी मुरारी ने भी भाग लिया और लोगों को जागरूक करते हुए कहा, “आज एक पावन संयोग है – मां गंगा के धरती पर आगमन का दिन और पर्यावरण दिवस एक साथ।” उन्होंने भी पेड़ों की देखभाल और स्थानीय जलस्रोतों, नदियों, जंगलों के संरक्षण की बात कही।


देवदार बनी में पौधारोपण और पर्यावरण शपथ
नगर की देवदार बनी में वन विभाग के सहयोग से देवदार के पौधों का रोपण किया गया। पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा द्वारा सभी उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोग:
- एसडीएम नीतू डांगर
- पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा
- वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी
- अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी
- बन दरोगा नंदा वल्लभ भट्ट
- ललित खोलिया, वार्ड सभासद, व्यापारी एवं पर्यावरण मित्र

