मंगलौर कोतवाली में बकरा ईद को लेकर शांति समिति की गोष्ठी, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखने की अपील

मंगलौर कोतवाली में बकरा ईद को लेकर शांति समिति की गोष्ठी, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखने की अपील

टॉप – रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

आगामी बकरा ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलौर कोतवाली में क्षेत्रीय ग्रामीणों, समाजसेवियों एवं धर्मगुरुओं के साथ एक शांति समिति की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोतवाली प्रभारी शांति कुमार ने की।

प्रभारी ने उपस्थित जनसमूह से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि “त्योहार पर कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों को अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का अनुरोध किया।

साफ-सफाई और सोशल मीडिया पर विशेष निर्देश

शांति कुमार ने विशेष रूप से कुर्बानी के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के अवशेषों को खुले स्थानों या नालियों में न बहाएं, और किसी प्रकार के फोटो/वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द को ठेस न पहुंचे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “जो भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश करेगा या माहौल बिगाड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

सामाजिक सहभागिता पर ज़ोर

बैठक में स्थानीय ग्राम प्रधान, मौलवी, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि, व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने पुलिस प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने मिलकर त्योहार को शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।