


हल्द्वानी

रिपोर्टर -पंकज सक्सेना

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हल्द्वानी शहर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।



यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रीय अभियान “एक वृक्ष मां के नाम” के अंतर्गत चलाया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक रूप से पेड़ों को परिवार से जोड़ना है।



हल्द्वानी के डी.के. पार्क में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम में नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने स्वयं वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


सांसद अजय भट्ट ने कहा, “आज पूरे भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर ‘एक वृक्ष मां के नाम’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और धरती के प्रति कर्तव्य का प्रतीक है।”


उन्होंने कहा कि कोरोना काल ने हमें यह सिखाया है कि ऑक्सीजन का क्या महत्व है। जब पेड़ ही नहीं होंगे, तो जीवनदायिनी ऑक्सीजन भी नहीं मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें।


वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों पौधे लगाए गए, जिनमें फलदार, छायादार और औषधीय पौधे शामिल थे। स्थानीय लोगों, बच्चों और सामाजिक संगठनों ने भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।



