कैंची धाम मेला 15 जून को, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ से निपटने को प्रशासन तैयार

कैंची धाम मेला 15 जून को, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ से निपटने को प्रशासन तैयार

नैनीताल

बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में लगने वाला प्रसिद्ध कैंची धाम मेला इस वर्ष भी 15 जून को भव्य रूप में आयोजित होने जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और परिवहन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

पिछले वर्षों में मेले के दौरान भारी भीड़ और लंबे जाम की स्थिति उत्पन्न होने से स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। विशेष रूप से पर्वतीय जिलों को जाने वाले मार्गों पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो जाता था। इस समस्या को लेकर व्यापारी संगठनों और स्थानीय लोगों ने पूर्व में प्रशासन के खिलाफ कई बार विरोध प्रदर्शन भी किए थे।

इस वर्ष इन चुनौतियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक और सुरक्षा योजना तैयार की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा शुरू की जा रही है, जिससे उन्हें निकटवर्ती पार्किंग स्थलों से सीधे मेला स्थल तक लाया जाएगा।

भीमताल, भवाली और नैनीताल क्षेत्र में अस्थायी पार्किंग स्थलों का चयन कर लिया गया है, ताकि मुख्य मेला क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम किया जा सके।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग शासन से की गई है। इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

आरटीओ प्रशासन सुनील शर्मा ने जानकारी दी कि ट्रैफिक पुलिस, टैक्सी यूनियन और बस संचालकों के साथ संयुक्त बैठक की गई है। यह सुनिश्चित किया गया है कि मेले के दौरान शटल सेवा नियमित और पर्याप्त रूप से उपलब्ध हो, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेला स्थल तक निजी वाहनों से न आएं और निर्धारित पार्किंग स्थलों से ही शटल सेवा का प्रयोग करें, जिससे यातायात व्यवस्था बनी रहे और सभी को सुगमता से बाबा के दर्शन का लाभ प्राप्त हो सके।