


हल्द्वानी

रिपोर्ट संजय जोशी

हल्द्वानी शहर में बढ़ती अव्यवस्था और अवैध पार्किंग के खिलाफ आज पहाड़ी आर्मी के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियानों में केवल फड़, रेहड़ी व ठेली वालों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि शहर की बड़ी व्यापारिक इकाइयों को बख्शा जा रहा है।



ज्ञापन में खास तौर पर स्टैंडर्ड स्वीट्स, सिंधी स्वीट्स, नानक स्वीट्स, मोती महल, उडुपीवाला रेस्टोरेंट (काठगोदाम) जैसे प्रतिष्ठानों का उल्लेख किया गया है, जो अपनी दुकानों के बाहर सार्वजनिक सड़क को अवैध रूप से पार्किंग में तब्दील कर रहे हैं। इसके कारण प्रतिदिन शहर में घंटों जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।



स्थानीयों को दी जा रही घटिया सेवा: विनोद शाही
पहाड़ी हिंदू सशक्तिकरण अभियान के संयोजक विनोद शाही ने कहा कि बाहरी व्यापारी स्थानीय पहाड़ी समाज को घटिया प्रोडक्ट व सेवा जबरन दे रहे हैं।

उन्होंने “गुप्ता छोले भटूरे” नामक प्रतिष्ठान का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां ग्राहक को पीने के लिए सामान्य पानी न देकर मजबूरी में बोतलबंद पानी बेचा जा रहा है, जो निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे व्यवसायी नहीं सुधरे तो संगठन उनके बहिष्कार और कानूनी कार्रवाई के लिए बाध्य होगा।


आंदोलन की चेतावनी
संगठन के अध्यक्ष हरीश रावत ने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई स्थानीय अधिकारों की है और संगठन जनहित के मुद्दों पर मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।


ज्ञापन सौंपने पहुंचे संगठन के पदाधिकारी
एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री फौजी राजेंद्र कांडपाल, कोषाध्यक्ष भगवंत सिंह राणा, नगर अध्यक्ष फौजी भवन चंद्र पांडे, कोषाध्यक्ष बंटी जोशी, राहुल जोशी, रजत जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


