किच्छा में हथियारबंद दबंगों का तांडव: पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप

किच्छा में हथियारबंद दबंगों का तांडव: पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप

रिपोर्ट – राजू सहगल
लोकेशन – किच्छा

किच्छा में एक मेडिकल स्टोर पर हथियारबंद दबंगों द्वारा की गई तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दर्जनों लोग कोतवाली गेट के सामने धरना प्रदर्शन करने पहुंचे, जहां पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया गया।

घटना के अनुसार, रात्रि करीब 9 बजे दबंगों ने मेडिकल स्टोर पर हमला बोलते हुए जमकर पत्थरबाजी की और अवैध हथियारों से फायरिंग की। सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद आक्रोशित लोग कोतवाली गेट पर एकत्रित हुए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।

आरोप है कि कोतवाली में न्याय की मांग कर रहे लोगों पर कोतवाल धीरेंद्र कुमार के इशारे पर पुलिस कर्मियों ने लाठीचार्ज किया। इसमें महिलाओं, बच्चों और भाजपा कार्यकर्ताओं को चोटें आईं।

भाजपा नेता श्रीकांत राठौर ने आरोप लगाया कि कोतवाल धीरेंद्र कुमार के संरक्षण में बदमाशों द्वारा गुंडागर्दी और नशे के कारोबार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कोतवाल को हटाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

धरना प्रदर्शन के 18 घंटे बाद एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से वार्ता की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा और कोतवाली में हुई लाठीचार्ज की घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी। एसपी सिटी के आश्वासन के बाद भाजपा नेता श्रीकांत राठौर ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए धरना प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा की।

इस घटना ने किच्छा क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और राजनीतिक दल पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।