


स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

क्वेनौला योजना ठप, जल संस्थान पर उठे सवाल

लोहाघाट ब्लॉक के भूमलाई ग्राम सभा के राजस्व ग्राम ईराकोट में पेयजल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। भीषण गर्मी के बीच बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़कों तक पहुंच चुका है। बुधवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल शंकर दत्त तिवारी के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय लोहाघाट पहुंचा और पेयजल समस्या के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।



ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में ईराकोट गांव को क्वेनौला पेयजल योजना से पानी मिलता था, लेकिन वर्तमान में हालात इतने खराब हैं कि लोगों को पीने तक का पानी नहीं मिल रहा। एक बाल्टी पानी के लिए भी महिलाओं को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जलापूर्ति की जांच कराने और पानी की समान आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।



इस मामले में जल संस्थान के अभियंता पवन बिष्ट ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही योजना का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन देने वालों में शंकर दत्त तिवारी, मोहन चंद्र उप्रेती, हिमांशु तिवारी, गौरी शंकर उप्रेती, लक्ष्मी दत्त, गंगादत्त उप्रेती, कलावती देवी, प्रेमा तिवारी, विमला देवी, विद्या तिवारी, भास्कर राय आदि ग्रामीण शामिल रहे।




