चंपावत पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज़, अवैध भांग की खेती पर कसा शिकंजा

चंपावत पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज़, अवैध भांग की खेती पर कसा शिकंजा

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

एसपी अजय गणपति के नेतृत्व में चलाया जा रहा सघन अभियान, चरस व स्मैक भी बरामद

जिले में नशे के खिलाफ चंपावत पुलिस का अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। एसपी चंपावत अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही बड़ी मात्रा में चरस और स्मैक की बरामदगी भी की गई है।

नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चंपावत पुलिस सीमावर्ती इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अब तक कई नाली भूमि में फैली अवैध भांग की फसल को नष्ट किया गया है।

एसपी अजय गणपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि वे भांग की खेती जैसे अवैध कार्यों से दूर रहें।

पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। जिले में शांतिपूर्ण व नशा मुक्त समाज की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है।