

नैनीताल

रिपोर्ट-ललित जोशी

सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम विभाग की सटीक भविष्यवाणी के अनुसार बीती रात तेज हवाओं के साथ मूसलाधार वर्षा हुई, जिससे शहर का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। बारिश के चलते नैनीताल के अधिकांश नाले अवरुद्ध हो गए, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और आम जनमानस को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा।



जहाँ एक ओर मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है, वहीं दूसरी ओर नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश और ठंडी हवाओं के चलते ठंड फिर से लौट आई है। स्थानीय निवासी और पर्यटक गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।


इस बार नैनीताल का पर्यटन सीजन अपेक्षा से बहुत कमज़ोर रहा। हाल ही में एक मासूम बच्ची से दुराचार की घटना ने पर्यटकों को नैनीताल आने से हतोत्साहित किया, और अब लगातार बिगड़ते मौसम ने स्थिति और अधिक चिंताजनक बना दी है।

इसका सीधा असर नाव चालकों, टैक्सी चालकों, घोड़ा चालकों और होटल व्यवसायियों पर पड़ा है, जिनकी आजीविका पूरी तरह से पर्यटकों पर निर्भर है। पर्यटक स्थलों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थानीय बाजारों में भी रौनक नदारद है।

स्थानीय कारोबारियों ने सरकार से मौसमी आपदा को देखते हुए राहत पैकेज की मांग की है ताकि वे इस मुश्किल समय में अपने परिवारों का गुज़ारा कर सकें।



