सरकारी भूमि पर बने अवैध मदरसे पर चला बुलडोजर

सरकारी भूमि पर बने अवैध मदरसे पर चला बुलडोजर

रिपोर्ट – राजू सहगल
लोकेशन – किच्छा

धामी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत उधम सिंह नगर जिले के किच्छा विधानसभा अंतर्गत ग्राम कुरैया में बने अवैध मदरसे ‘अल्जनीयातुल हुसैनिया’ को शनिवार सुबह तड़के जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया। यह मदरसा करीब 4 बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था, और बिना किसी वैध मान्यता के संचालित हो रहा था।

कार्यवाही के दौरान रुद्रपुर व किच्छा के उपजिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, चार सीओ, आधा दर्जन थानों के इंस्पेक्टर व एसआई, पीएसी, और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। सुरक्षा की दृष्टि से 500 मीटर के दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया था।

प्रशासन के अनुसार, कुछ समय पहले चलाए गए अवैध मदरसों के सर्वे अभियान में इस मदरसे का मामला सामने आया था। सर्वे में यह पाया गया कि मदरसा सरकारी भूमि पर बिना अनुमति कब्जा कर चलाया जा रहा था और किसी भी सरकारी बोर्ड या शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त नहीं था

प्रशासन ने इस पर नोटिस चस्पा कर भूमि संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा था, लेकिन निर्धारित समयावधि (30 अप्रैल) तक कोई जवाब नहीं मिलने के बाद शनिवार सुबह कार्रवाई की गई। इससे पहले, इस मदरसे को सील भी किया गया था

प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के बाद भूमि को सरकारी रिकॉर्ड में पुनः दर्ज करते हुए कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह के अवैध निर्माण या कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी संस्था, व्यक्ति या संगठन द्वारा ही क्यों न किया गया हो