

नैनीताल

हाल ही में नैनीताल में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद शहर में कुछ समय के लिए हल्का तनाव जरूर महसूस किया गया, लेकिन अब सरोवर नगरी पूरी तरह से शांत और सामान्य हो चुकी है।



कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह भ्रामक सूचना फैलाई जा रही थी कि नैनीताल पर्यटकों के लिए असुरक्षित है और होटलों की बुकिंग रद्द की जा रही हैं। इस पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि ये महज अफवाहें हैं, जिनका कोई आधार नहीं है।


आईजी कुमाऊं रीधिम अग्रवाल ने बयान जारी कर कहा, “नैनीताल, कैंचीधाम और पूरा कुमाऊं क्षेत्र देशी और विदेशी सैलानियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। पर्यटक बिना किसी चिंता के यहां आ सकते हैं और अपनी छुट्टियों का आनंद ले सकते हैं।”


आईजी ने यह भी बताया कि सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल तैनात है, ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य है और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति नैनीताल की घटना को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाता है या सांप्रदायिक तनाव को हवा देने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील है कि पर्यटक निडर होकर नैनीताल और कुमाऊं के पर्यटन स्थलों का रुख करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।



