
स्थान -देहरादून

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आज से चारधाम यात्रा का विधिवत आगाज़ हो गया है। इस शुभ दिन पर उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

गंगोत्री धाम के कपाट आज पूर्वाह्न 10:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गंगोत्री धाम पहुंचकर कपाट उद्घाटन के साक्षी बनेंगे।

देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बनने को लेकर उत्साहित हैं।

वहीं मां यमुना जी की डोली आज सुबह शीतकालीन प्रवास स्थल खरशाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी। कुछ ही घंटों में डोली धाम में प्रवेश करेगी और फिर वहां भी विधिविधान से कपाट खोले जाएंगे।

चारधाम यात्रा के आरंभ के साथ ही उत्तराखंड में आध्यात्मिक उत्सव का वातावरण बन गया है। यात्रा अगले छह माह तक जारी रहेगी, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों द्वारा सुरक्षा, यातायात और सुविधा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
