

स्थान खटीमा उधम सिंह नगर

रिपोर्ट -अशोक सरकार


उत्तराखंड में पूर्णागिरि धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक इको वैन रविवार को चकरपुर-कुटरी बाईपास पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई।


हादसा उस वक्त हुआ जब वैन चालक ने एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश की। वाहन में कुल नौ श्रद्धालु सवार थे, जो कासगंज (यूपी) से मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहे थे।


इस दर्दनाक हादसे में गुड्डो देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पोती आसी को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज नागरिक चिकित्सालय, खटीमा में किया जा रहा है, जिनमें से कुछ को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चकरपुर-कुटरी बाईपास पर सिग्नल और यातायात सुरक्षा के अभाव में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस व्यस्त मार्ग पर तुरंत यातायात सुरक्षा के उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



