भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कांग्रेस पर हमला, ‘संविधान बचाओ रैली’ को बताया ‘विघ्न डालो रैली’

भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कांग्रेस पर हमला, ‘संविधान बचाओ रैली’ को बताया ‘विघ्न डालो रैली’

स्थान -देहरादून

देहरादून। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की 30 अप्रैल को प्रस्तावित ‘संविधान बचाओ रैली’ पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि जिस दिन प्रदेश में ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो रहा है, उसी दिन कांग्रेस रैली कर प्रदेश की धार्मिक भावनाओं और व्यवस्थाओं में विघ्न डालने का प्रयास कर रही है।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की रैली को “विघ्न डालो रैली” की संज्ञा देते हुए कहा कि यह रैली प्रदेश के हित के विरुद्ध है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में प्रदेश और जनता की भलाई चाहते हैं, तो उन्हें इस रैली को स्थगित कर देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल दिखावा कर रही है और वास्तविकता में जनहित के मुद्दों से उसका कोई लेना-देना नहीं है। भट्ट ने कहा कि भाजपा चारधाम यात्रा की व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार के व्यवधान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश में चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां अपने चरम पर हैं और लाखों श्रद्धालु भगवान के दर्शनों के लिए उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं।