

स्थान -नैनीताल

पर्यटन सीजन में हल्द्वानी से कैंची धाम तक लगने वाले जाम की समस्या को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बुधवार को सर्किट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जाम की समस्या के समाधान के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।



रानीबाग और गुलाब घाटी में होगा सड़क सुधार
बैठक के दौरान जिलाधिकारी वंदना सिंह ने मंत्री को अवगत कराया कि रानीबाग और गुलाब घाटी में सड़क सुधारीकरण और कलसिया नाले पर स्थायी पुल का निर्माण आवश्यक है। इसके तुरंत बाद एनएच के अधिकारी और जिला प्रशासन की टीम ने रानीबाग से ज्योलीकोट तक सड़क का सर्वे और निरीक्षण किया।



सड़क चौड़ीकरण की संभावना तलाशने में जुटी टीम
अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय के नेतृत्व में बुधवार शाम निरीक्षण किया गया। एनएच के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि हल्द्वानी-रानीबाग-नैनीताल पुल के आगे दोनों ओर की सड़क को करीब 100 मीटर तक 3 मीटर चौड़ा किया जा सकता है। इससे वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी।



भीमताल-भवाली मार्ग और गुलाब घाटी पर भी कार्य प्रस्तावित
भीमताल-भवाली मार्ग पर 20-25 मीटर सड़क सुधार की संभावना तलाशी गई, जहाँ ड्रेनेज न होने के कारण सड़क को मलबा भरकर या रबर स्टैंड से लेवल में लाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, गुलाब घाटी में गौला नदी के किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण का प्रस्ताव तैयार हो रहा है, जिससे सड़क चौड़ी की जा सके।

कलसिया में मॉडल ब्रिज का प्रस्ताव
अधिशासी अभियंता ने बताया कि कलसिया नाले पर अधिक भार क्षमता वाला मॉडल ब्रिज तैयार करने के लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है जिसे उच्चाधिकारियों की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इस कार्य के लिए एडीजी सुदीप चौधरी सहित मंत्रालय के अन्य अधिकारी जल्द निर्णय लेंगे।
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, एनएच, सिंचाई, रेलवे और वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।



