

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

आगामी मानसून सत्र को देखते हुए संभावित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क हो गया है। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी के नेतृत्व में एक प्रशासनिक टीम ने लालकुआं के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

नालों की सफाई और जल निकासी पर विशेष जोर
एसडीएम ने नगर पंचायत लालकुआं, रेलवे कॉलोनी, बजरी कंपनी, वन निगम क्षेत्र, बंगाली कॉलोनी और घोड़ानाला जैसे क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि तत्काल सभी नालों की सफाई कराई जाए ताकि भारी बारिश के समय जलभराव की समस्या न हो।



बंगाली कॉलोनी और घोड़ानाला के लिए समग्र जल निकासी योजना
इन क्षेत्रों के लिए सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया कि एक समग्र जल निकासी योजना तैयार की जाए जिससे इन बस्तियों को बाढ़ से सुरक्षा मिल सके।



रेलवे कॉलोनी में ट्रैक सुरक्षा और स्कूल निरीक्षण
रेलवे कॉलोनी में निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और नालों में वायर मेश लगाई जाए।
इसके साथ ही, प्राथमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण भी किया गया, जहाँ एसडीएम ने शिक्षा विभाग को चारदीवारी निर्माण एवं मरम्मत हेतु एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।

भूमि कटाव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
एसडीएम ने इंद्रानगर, खुरियाखत्ता, चौड़ाघाट, संजय नगर और बिंदुखत्ता जैसे क्षेत्रों में पूर्व में आपदा से प्रभावित इलाकों का दौरा कर भूमि कटाव का मूल्यांकन किया।
इंद्रानगर में प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा दीवार
सिंचाई विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि 532 मीटर लंबी बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर राज्य आपदा कोष के तहत शासन को भेजी गई है।


नदी चैनलाइजेशन के निर्देश
वन विभाग एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नदी चैनलाइजेशन के प्रस्ताव तैयार किए जाएँ जिससे बाढ़ के समय भूमि हानि को रोका जा सके।
गौला रेंज अधिकारी ने बताया कि 3-4 स्थानों पर नदी चैनलाइजेशन कार्य प्रस्तावित हैं और कार्यों को मानसून से पूर्व प्रारंभ करने के निर्देश भी मौके पर दिए गए।


