

नैनीताल (हल्द्वानी)

राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में विद्यालयी शिक्षा और समग्र शिक्षा के अंतर्गत 846.87 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया।


इस अवसर पर, 660 लाख रुपये की लागत से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर में 50-50 शैया युक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास भवन का निर्माण, 80.31 लाख रुपये की लागत से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कोटाबाग में भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण, और 88.56 लाख रुपये की लागत से राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कोटाबाग और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जवाहर ज्योति में अतिरिक्त कला कक्ष और कला व शिल्प कक्ष का निर्माण कार्य किया जाएगा।


इसके अलावा, जिला योजना के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय गिनती गांव कोटाबाग और राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय पतलिया कोटाबाग में कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया गया, जिनकी लागत नौ लाख रुपये है।


अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों और दूरदराज के गांवों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए कलस्टर विद्यालयों की स्थापना की जा रही है और इन विद्यालयों में आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, बेसहारा और निर्धन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावासों का निर्माण किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने की। इस मौके पर पूर्व विधायक नवीन दुमका, मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह राणा, और अन्य क्षेत्रीय नेताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।


