अरविंद केजरीवाल ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

अरविंद केजरीवाल ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा हो चुकी है। 5 फरवरी को मतदान किया जाएगा। वहीं 8 फरवरी को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे पर जमकर हमला करने लगी हैं। इस बीच अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह ने बीते दिनों प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा था। बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया था। इस बीच चुनाव के मद्देनजर अरविंद केजरीवाल फिर से एक बार दिल्ली की जनता को संबोधित कर रहे हैं। चलिए बताते हैं अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा है।

सैफ अली खान के हमले पर केजरीवाल ने जताया दुख

अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश के प्रसिद्ध एक्टर सैफ अली खान के ऊपर उनके घर में घुस कर कुछ अज्ञात लोगों ने चाकुओं से 6 बार हमला किया। अभी पता चला है कि उनका अस्पताल के अंदर इलाज चल रहा है। हम उम्मीद करते हैं और भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वो जल्दी ठीक हों। यह बेहद चिंताजनक बात है कि इतना बड़ा एक्टर जिसकी सिक्योरिटी हम नहीं समझते कि कोई ऐसी होगी कि कोई उसके घर के खिड़की के अंदर घुस गया होगा। इतने ज्यादा सिक्योर प्लेस में रहने वाले एक्टर के घर के अंदर रात के वक्त घुसकर चाकुओं से हमला कर दे। यह वहां की राज्य सरकार और केंद्र सरकार के ऊपर बड़ा प्रश्न खड़ा करती है।

अरविंद केजरीवाल ने बाबा सिद्दीकी की हत्या पर कही ये बात

उन्होंने कहा कि इसका साफ मतलब है कि दोनों ही सरकारें लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रही हैं। बॉम्बे में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। सलमान खान के घर के बाहर शूटआउट हुआ। बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई। बाबा सिद्दीकी तो एनडीए के ही पार्टनर थे। देश के इतने बड़े-बड़े सेलिब्रिटी ही सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार अगर सेलिब्रिटी को ही सुरक्षा नहीं दे सकती तो आम आदमी को सुरक्षा क्या ही देगी। गुजरात की जेल में बैठकर एक गैंगस्टर खुलेआम फिरौती कर रहा है और शूटआउट के ऑर्डर दे रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे जो अपराधी हैं, उनकी सरकारों के अंदर अच्छी पैठ है। वह धड़ल्ले से सब कर रहे हैं। उन्हें कोई डर नहीं है। ऐसा लगता है कि उन्हें ऊपर से संरक्षण है।

दिल्ली से गायब हो रहे रोजाना 17 बच्चे: अरविंद केजरीवाल

उन्होंने कहा कि रोज खड़े होकर भाजपा वाले कहते हैं कि रोहिंग्या बॉर्डर क्रॉस करके आते हैं। अगर केंद्र सरकार से बॉर्डर सुरक्षित नहीं हो पा रहा है तो इस्तीफा दे दो। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इनसे देश के सेलिब्रिटी की सुरक्षा नहीं हो रही है। इनसे बॉर्डर की सुरक्षा नहीं हो रही है। इनसे देश की राजधानी की सुरक्षा नहीं हो रही है। दिल्ली में आज खुलेआम गैंगवॉर चल रही है। व्यापारियों को फिरौती के लिए फोन आ रहे हैं। व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, बच्चे सुरक्षित नहीं है। दिल्ली से रोज 17 बच्चे गायब हो रहे हैं। आज डबल इंजन की सरकार ना तो अच्छी सरकार दे सकती है और ना ही देश को सुरक्षा दे सकती है। हम सैफ अली खान के ऊपर हुए कायराना हमले की निंदा करते हैं।