

ख़बरों और विज्ञापन के लिए संपर्क करें – 9634912113, 8057536955
न्यूज़ पोर्टल उत्तराखंड के यूट्यूब चैनल में सभी विधान सभा स्तर पर संवाददाता\विज्ञापन संवाददाता, ब्यूरो चीफ की आवश्यकता है, संपर्क करें – 9634912113, 8057536955



रिपोर्टर- रामगोपाल

स्थान – लक्सर

बाल विकास विभाग में बड़े स्तर पर धांधली का मामला सामने आया है। गर्भवती व धात्री महिलाओं और उनके छह साल तक की उम्र के बच्चों की अच्छी सेहत बनाने के लिए केंद्र व राज्य की सरकारें मिलकर बाल विकास परियोजना चला रही हैं। लेकिन परियोजना के अधिकारी उनकी सेहत बनाने के बजाय खराब करने पर तुले हुए हैं। हाल ही में विभाग ने गर्भवती व धात्री महिलाओं को सप्ताह में दो बार खजूर के पैकेट देने का आदेश जारी किया था। खजूर के पैकेट खरीदने के लिए निदेशालय के स्तर से टेंडर जारी किए गए थे।


टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर ठेकेदार फर्म ने हर ब्लॉक में उनकी मांग के मुताबिक खजूर के पैकेट भेज दिए। वहां से पैकेट आंगनबाड़ी केंद्रों को भेजकर वितरण शुरू करा दिया गया। इस दौरान लक्सर की एक महिला ने पैकेट की एक्सपायरी डेट पढ़ी। पता चला कि खजूर के पैकेट 2015 में एक्सपायर हो चुके हैं। फर्म ने पुरानी एक्सपायरी डेट छिपाने के लिए इसके ऊपर 2022 की डेट का स्टिकर चिपकाने के बाद इसे केंद्रों को भेज दिया।

बाद में दूसरे केंद्रों पर भी पैकेटों की जांच हुई तो खजूर के सारे पैकेट एक्सपायर निकले। इससे विभाग में हड़कंप मच गया। मामला ऊपर तक पहुंचा तो विभाग ने खजूर के पैकेट वापस मंगाने के आदेश जारी कर दिए। वहीं इस बाबत लकसर एसडीएम वैभव गुप्ता का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। एक्सपायर पैकेट बांटना गंभीर अनियमितता है। इसकी जांच कराई जाएगी। जिसका भी कुसूर सामने आएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



